न्यूज अपडेट्स
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां पर मैहली क्षेत्र में एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। छात्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है।
घर पर अकेली थी दोनों बहनें
बताया जा रहा है कि छात्रा अपनी बहन के साथ मैहली स्थित अपने आवास में रह रही थी। मृतका मूल रूप से तारादेवी क्षेत्र की रहने वाली थी। मृतका की पहचान मान्या के रूप में हुई है- जिसकी उम्र 18 साल बताई जा रही है। मान्या अभी पढ़ाई करती थी।
शादी में गई हुई थी मां
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात को मान्या घर पर अपनी बहन अग्रेता के साथ थी। जबकि, उनकी मां किसी पारिवारिक शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली गई हुई थी। अग्रेता ने बताया कि मान्या दिनभर से किसी बात से परेशान थी। हालांकि, उसने इस बारे में किसी से कुछ नहीं बताया।
कमरे में फंदे से लटकी मिली
अग्रेता ने बताया कि वो रात करीब दस बजे बालकनी में टहल रही थी। इसी बीच उसने मान्या को भी वहां आने के लिए आवाज लगाई। मगर मान्या का सामने से कोई जवाह नहीं आया। ऐसे में वो उसे देखने के लिए उसके कमरे में गई तो वहां मान्या को देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
गहरे सदमे में मां
उसने देखा कि मान्या दरवाजे के टिन छज्जे में लगे लोहे के एंगल से स्टॉल के फंदे पर लटकी हुई है। यह सब देखकर अग्रेता दंग रह गई। उसने तुरंत मां को फोन करके घटना की जानकारी दी। इसके बाद कुछ ही देर में उनकी की मौसी और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मान्या को फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक मान्या की मौत हो चुकी थी। जवान बेटी की मौत के बाद मां गहरे सदमे में है। बताया जा रहा है कि मान्या के माता-पिता करीब 11 साल से अलग रहे हैं। मान्या अपनी मां और बहन के साथ रहती थी।
नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए IGMC शिमला भेज दिया। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। शुरुआती जांच में पुलिस टीम को मृतका के कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। साथ ही ना तो परिजनों अभी तक किसी पर कोई संदेह जाहिर किया है।
मामले की पुष्टि करते हुए शिमला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभी इस बात का पता नहीं चल पाया है कि छात्रा ने ये खौफनाक कदम क्यों उठाया है। फिलहाल, पुलिस टीम द्वारा छानबीन की जा रही है। जल्द ही मौत के कारणों का पता लगा लिया जाएगा।