न्यूज अपडेट्स
मंडी। पंजाब रोडवेज की चंडीगढ़ से मनाली आ रही बस नंबर पीबी-65बीबी- 6458 से मंडी शहर की रहने वाली एक युवती का ट्राली बैग चोरी हो गया। युवती 15 दिसंबर को चंडीगढ़ में साक्षात्कार देने के बाद मंडी लौट रही थी। बस दोपहर बाद दो बजे चंडीगढ़ से रवाना हुई थी। युवती सीट नंबर 21 पर बैठी थी। ट्राली बैग दूसरी पंक्ति में सामान रखने वाले स्थान पर रखा था।
बस कीरतपुर-मनाली फोरलेन से होकर आई थी। चालक ने बस दूसरी सुरंग पार करने के बाद मंडी भराड़ी चौक से थोड़ा पीछे एक ढाबे पर चायपान के लिए रोकी थी। बस यहां करीब 20 मिनट तक रुकी थी। युवती भी चायपान के लिए बस से उतरी थी। उस समय बस में ट्राली बैग सुरक्षित था। इसके बाद बस सुंदरनगर के चत्तरोखड़ी चौक, सुंदरनगर बस स्टैंड व डडौर चौक पर रुकी थी।
बस शाम करीब पौने सात बजे मंडी बस स्टैंड पहुंची थी। युवती यहां बस से उतरने लगी तो उसका ट्राली बैग गायब था। मंडी भराड़ी व डडौर चौक के बीच किसी ने उसका ट्राली बैग चुरा लिया। बैग में किताबें, नोट्स, कपड़े व अन्य आवश्यक सामान था।
पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि युवती का चोरी हुआ ट्राली बैग ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।