न्यूज अपडेट्स
कांगड़ा, 12 सितंबर। उपमंडल ज्वाली की ढसोली पंचायत की बेटी आकृति शर्मा ने वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित NET-JRF परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 94वां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है तथा उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
आकृति शर्मा, ढसोली पंचायत के प्रधान राजेश शर्मा एवं मंजू शर्मा की सुपुत्री हैं। उन्होंने यह सफलता भौतिक विज्ञान (Physics) विषय में हासिल की है। इससे पहले भी आकृति दो बार ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग (GATE) तथा NET-PhD परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं।
आकृति की प्रारंभिक शिक्षा कॉमेट मेंसा पब्लिक स्कूल देहरी तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय राजा का तालाब में हुई। इसके बाद उन्होंने राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धर्मशाला, कन्या महाविद्यालय जालंधर और कांता कॉलेज ऑफ एजुकेशन चलबाड़ा से उच्च शिक्षा प्राप्त की।
वर्तमान में आकृति शर्मा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ज्वाली में लेक्चरर (भौतिक विज्ञान) के पद पर कार्यरत हैं। अपनी सफलता पर उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और माता-पिता के विश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, परिवार के सहयोग और अपनी निरंतर मेहनत को दिया।
आकृति शर्मा ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं तो सफलता अवश्य मिलती है। उनकी इस उपलब्धि पर शिक्षकों, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
