Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

PNB बैंक से 7.40 करोड़ रुपए के नकली नोट बरामद, 3 अधिकारी सस्पेंड

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), 01 सितंबर। सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के 'करेंसी चेस्ट' में असली नोटों की जगह नकली नोट रखे जाने का मामला सामने आया है और यहां कथित रूप से करीब 7.40 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के नकली नोट मिले हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। नकली नोट से जुड़े कथित गिरोह के सिलसिले में सदर बाजार पुलिस थाने में तीन बैंक अधिकारियों सहित चार लोगों के खिलाफ सोमवार को मामला दर्ज किया गया।

पीएनबी की वरिष्ठ मुख्य प्रबंधक (सर्कल) निशा सिंह ने बताया कि बैंक ने तीन अधिकारियों - वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रवि कुमार कासे और 'करेंसी चेस्ट' प्रबंधकों सुशील शर्मा एवं अमित कुमार- को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 

नकली नोट मामले में बैंक के नोडल अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत में इन तीनों अधिकारियों को आरोपी बनाया गया है। सहारनपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह के अनुसार, बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि ऑडिट के दौरान 'करेंसी चेस्ट' में नकदी का सत्यापन किए जाने पर करीब 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिले। 

SSP ने कहा, ''बैंक की ऑडिट टीम द्वारा नोटों की गिनती और मिलान का काम अभी जारी है। बैंक की ओर से अंतिम आंकड़े उपलब्ध कराए जाने के बाद सटीक राशि का पता चल सकेगा।'' अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला तब सामने आया जब 'करेंसी चेस्ट' से बैंक के मुख्यालय भेजी गई नकदी की गिनती के दौरान 4.3 लाख रुपये कम पाए गए। 

शुरुआत में इसकी सूचना पीएनबी की मेरठ शाखा को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच के लिए चौबे को सहारनपुर भेजा गया। जांच के दौरान 'करेंसी चेस्ट' के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई, जिसमें अंशकालिक कर्मचारी विशाल कुमार कथित तौर पर नोटों के बंडलों से नकदी निकालते हुए दिखाई दिया। बाद में, विशाल कुमार के खिलाफ चोरी का एक अलग मामला दर्ज किया गया। 

बैंक ने इसके बाद 'करेंसी चेस्ट' का ऑडिट शुरू किया, जिसमें कथित तौर पर कई अनियमितताएं सामने आईं। ऑडिट के दौरान करीब 7.40 करोड़ रुपये अंकित मूल्य के संदिग्ध नकली नोट भी पाए गए। अधिकारियों ने कहा कि 'करेंसी चेस्ट' से जुड़े तीन वरिष्ठ अधिकारी भी इन अनियमितताओं के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने कहा कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और कानूनी कार्रवाई के साथ जांच भी जारी है। मामले में पुलिस एवं बैंक अपने-अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!