न्यूज अपडेट्स
चंबा, 26 अप्रैल। चुराह उपमंडल की थनेईकोठी पंचायत में एक 16 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हियाड़ गांव निवासी पानो पत्नी हरीश ने पुलिस थाना तीसा में शिकायत दर्ज करवाई कि उनका बेटा, जो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सेईकोठी में 10वीं कक्षा का छात्र है, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे घर से स्कूल के लिए निकला था।
उसने परिजनों को बताया था कि उसे स्कूल बुलाया गया है और वह निजी बस से रवाना हुआ। हालांकि शाम तक घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने गांव के एक शिक्षक से संपर्क किया जो उसी स्कूल में कार्यरत हैं। शिक्षक ने बताया कि उक्त छात्र उस दिन स्कूल पहुंचा ही नहीं था।
इसके बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नाबालिग होने के कारण मामले को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न धाराओं के तहत जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि किशोर की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं।
