न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 10 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र से एक और वीर पुत्र ने देश सेवा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। सुजानपुर निवासी अक्षय शर्मा पुत्र मनोज शर्मा लेह में तैनाती के दौरान ऑक्सीजन की कमी के चलते शहीद हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अक्षय शर्मा पिछले कुछ समय से लेह में अपनी यूनिट के साथ तैनात थे। ऊंचाई वाले क्षेत्र में अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उन्हें ऑक्सीजन की गंभीर कमी का सामना करना पड़ा। उपचार के प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
शहीद अक्षय शर्मा के शहादत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पहुंची, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में हर आंख नम है और लोग उनके बलिदान को नमन कर रहे हैं। क्षेत्र के सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, शहीद का पार्थिव शरीर कल उनके गांव लाया जाएगा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शहीद के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि अक्षय शर्मा की शहादत देश के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
