न्यूज अपडेट्स
शिमला, 21 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बुधवार को राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं 22 और 23 अक्तूबर को मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा, जबकि उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं। इसके बाद 24 से 27 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने बुधवार को चम्बा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के लिए गरज-चमक और बिजली गिरने को लेकर यैलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 22 अक्तूबर को चम्बा, कांगड़ा और सिरमौर जिलों में भी यैलो अलर्ट रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले तीन दिनों के दौरान प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और बादल छाने से पर्वतीय इलाकों में ठंड में हल्का इजाफा होगा।
विभाग के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा। इस अवधि में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। केलांग में न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि ऊना में अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य बना हुआ है।
