न्यूज अपडेट्स
मंडी, 03 नवंबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य की कांग्रेस सरकार को चौतरफा घेरते हुए इसे शुल्क की सरकार करार दिया है। प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा होटलों के संचालन सहमति शुल्क के ढांचे में बढ़ौतरी का विरोध करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार का गवर्नैंस माॅडल ही जनता और कारोबारियों पर बेहिसाब शुल्क लगाना बन चुका है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि टाॅयलेट टैक्स जैसे बेतुके फैसले में हुई किरकिरी के बाद कभी पर्यटकों की गाड़ियों पर टैक्स लगाया जाता है तो कभी स्कूल-कालेज की फीस में बेतहाशा बढ़ौतरी की जाती है। कभी इलाज के खर्च जैसी आवश्यक सेवाओं पर शुल्क बढ़ाया जा रहा है, तो कभी राजस्व जैसे छोटे-छोटे काम के लिए तहसील में जाने वाले लोगों से भारी फीस वसूलकर सरकारी राजस्व बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने और खर्चे कम करने की बजाय ऐसे अनुचित पैंतरे अपना रही है, जिससे प्रदेश के छोटे व मध्यम कारोबारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। विपक्ष चाहता है कि सरकार इस दमनकारी और अनावश्यक टैक्स वृद्धि के फैसले पर तुरंत पुनर्विचार करे। भाजपा ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वह पर्यटन व्यवसाय को बर्बाद करने वाले और जनता पर अनावश्यक बोझ डालने वाले इस तरह के फैसलों को बर्दाश्त नहीं करेगी तथा सड़क से लेकर हर मोर्चे पर इस सरकारी उगाही का पुरजोर विरोध करेगी।
इंडी गठबंधन की दिल्ली रैली फ्लाॅप
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर रामलीला मैदान में बुलाई इंडी गठबंधन की चुनाव आयोग के खिलाफ रैली को फ्लाॅप करार देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह अपने मंत्रिमंडल और कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं को गाड़ियों में भर-भर कर दिल्ली ले गए, लेकिन वहां जाकर उनकी सेना ही बिखर गई और रामलीला मैदान खाली रह गया। उन्होंने कहा कि सुक्खू को ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने को कहा था, लेकिन वह यह नहीं कर पाए तो उन्हें मंच से बोलने तक का भी मौका नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाई कमान इन्हें कोई एहमियत नहीं देता है, जबकि कांग्रेस के पास गिने चुने 2-3 मुख्यमंत्री ही तो हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दोपहर बाद अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केंद्र शंकर देहरा के अंतर्गत सनोई एवं कांडीधार बूथ की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को सशक्त बनाने तथा आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
