न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 28 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में शिमला-हमीरपुर नैशनल हाईवे पर एक सड़क हादसा पेश आया है, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। हादसे में मारे गए व्यक्ति की पहचान राजस्थान के उदयपुर निवासी डॉ. योगेश चंद्र भट्ट (70) के रूप में की गई है जोकि हमीरपुर में कृषि विभाग के अंतर्गत चल रहे जायका प्रोजैक्ट में बतौर सलाहकार अपनी सेवाएं दे रहे थे। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल टैक्सी चालक अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार डॉ. योगेश चंद्र भट्ट वीरवार को टैक्सी में सवार होकर फ्लाइट पकड़ने के लिए चंडीगढ़ एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान भोटा से करीब 2 किलोमीटर दूर मोरसू कस्बे के पास उनकी टैक्सी की सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के तुरंत बाद घायलों को 108 एंबुलैंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने डॉ. भट्ट को मृत घोषित कर दिया जबकि टैक्सी चालक केशव कालिया, निवासी नियाटी (नादौन) को उपचार दिया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भयंकर थी कि टैक्सी के आगे के हिस्से के परखच्चे उड़ गए। क्रैश के तुरंत बाद टैक्सी के एयरबैग खुल गए थे, लेकिन टक्कर का प्रभाव इतना ज्यादा था कि एयरबैग भी डॉ. भट्ट की जान नहीं बचा सके।
वहीं पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल का मुआयना कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह भयानक टक्कर ओवरटेकिंग के कारण हुई या फिर किसी की लापरवाही का नतीजा थी। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस हादसे की पुष्टि एसआई निर्मला देवी ने की।
